Thursday, February 13, 2025

बिटिया की शादी

  



बिटिया रानी की शादी कोपेनहैगन में सिविल मैरिज तरीके  से हुई .

कोई रस्मो रिवाज़ नहीं, परिवार के पांच लोगों की मौज़ूदिगी में .

जीवन साथी मूलतः कर्णाटक के निवासी हैं .

सो तय हुआ कि एक पारम्परिक विवाह भोज परिजनों के लिए किया जाय. 

कन्नड़ शब्द है “ऊटा”( भोजन )-केले के पत्ते पर परोसा गया .

सम्बन्धी परिवार की छत पर मेज जोड़ कर पंगत बैठी .

मेहमान /रिश्तेदार, उत्तर, दक्षिण भारत से आये थे .

नव दम्पति के मित्र विश्व के कई कोनों से आये थे .

डर था कि इन्हें कर्णाटक शैली का पूर्ण शाकाहारी भोजन रास आएगा कि नहीं.   



"ऊटा" में रोटी /नान पूड़ी कचौड़ी , मटर पनीर ,दाल मखनी तो होती नहीं .

दक्षिण भारतीय खाने के नाम पर मशहूर डोसा,इडली वड़ा भी नहीं .

न मीठे में जलेबी /रबड़ी ,गुलाब जामुन या आइसक्रीम .

पर आशंका गलत निकली 

एकबार पंगत बैठी ,केले का पत्ता बिछा कर ,

थोड़ी मात्रा में व्यंजन परसे जाने लगे ,

तो सुधि जनों ने नए स्वाद वाले खाने को शौक से खाया .

रोटी नहीं तो 'चावल के आटे से बनी  'अक्की रोटी' खायी गई .

पुलाव की जगह दलिये का "बिसि बिले भात’,

सब्जियों और सांभर में पगा हुआ था .

खस्ता 'मद्दुर वड़ा' मूंगफली की चटनी के साथ जमा  .

मीठे में पोस्ते की पायसम (खीर जैसी) थी, पूरणपोली जैसी होलिगे (घिसे हुए नारियल और गुड़ से बनी) आखिर में स्थानीय एलेक्की केला और पान.

परिजनों ने तृप्त होकर नव दम्पत्ति को आशीर्वाद दिया .

उनकी कल बर्लिन रवानगी है .



 

 


Thursday, October 1, 2020


पेरिस में माओज़ के फलाफेल 



बात सन २०११ की है 

भोजनभट्ट परिवार यूरोप की ट्रेन  यात्रा पर निकला 

सोचा गया क़ि फ़्रांस ,इटली और स्विट्ज़रलैंड रेल से घूमेंगे 

बिटिया रानी फ्रेंच बोल लेती है ,पूछते पूछते  घूम लेगें .

लेकिन पहले पड़ाव पेरिस से ही मुश्किलें शूरू हो गईं .

शाकाहारी परिवार ने सोचा था कि पेरिस में किसिम किसिम के व्यंजनों की भरमार होगी ,

कहीं न कहीं, थाली न सही, कुछ तो मिल जायेगा खाने के नाम पर 

पर दूसरे दिन शाम तक तलाश नाकाम रही .

ऐसा नहीं कि पेरिस में हिंदुस्तानी खाना नहीं मिलता 

Gare du Nord रेलवे स्टेशन के पास तो पूरी गली देसी रेस्टॉरेंटों से भरी है 

पर हम लोग टुरिस्ट दर्शन की जगहों के पास भटक रहे थे 

लूव्रे राजमहल ,आइफेल टॉवर ,म्यूजियम वगैरह 

नोट्रे डोम चर्च तक पहुँच कर तेज भूख लग चुकी थी 

सीन नदी के किनारे भटकते परिवार नाउम्मीद हो चला था 

अचानक Rue Xavier Privas और Rue de la Huchette सड़क के मोड़ पर 

एक छोटी सी ढाबे नुमा दुकान दिखी 

जिस पर Maoz Veg लिखा था ,पढ़ कर आँखे चमक गयीं 

अंदर कदम रखने पर दो  तीन मेज और चार पांच कुर्सियां नज़र आईं 

डीप फ्रायर में से तलने की खुशबू आ रही थी 

मेनू में एक ही चीज़ थी, तीन यूरो की ,

नान जैसी पीटा ब्रेड में पांच फालाफेल 

चना दाल के वड़े जैसे कटलेट  ,

 



सारे अरब देशों,इज़राइल ,लेबनान में नाश्ते में मिलते हैं 

चार पांच तरह के सलाद  बर्तनों में थे, 

आप जितना चाहें सैंडविच में डाल लीजिये 

हरे खीरे ,कटे टमाटर,पत्ता गोभी ,काले हरे ओलिव,

पुदीना   सलाद और तहिनी सॉस 

भूखे परिवार की जान में जान आयी 

इतना सलाद ज़िन्दगी में कभी खाया हो,याद नहीं 

माओज़ साहब और उनकी दुकान को सलाम  किया 

फलाफेल सैंडविच खाकर अब कदम तेज़ी से उठने लगे 

अगले पड़ाव की तरफ